नई दिल्ली। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार तड़के यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे रामबन जिले में शेरबीबी के पास राजमार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। स्थानीय स्वयंसेवकों और पुलिस द्वारा तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। सभी चार शवों को निकाला गया है। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान कुलगाम के ट्रक चालक मोहम्मद अफजल गारू (42), उनके भाई अल्ताफ गारू (36), अनंतनाग के इरफान अहमद (33) और उनके भाई शौकत अहमद (29) के रूप में की है।