वाराणसी। यूपी के वाराणसी से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां सारनाथ थाना अंतर्गत पंचकोशी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। खबरों की मानें तो शराब पीने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। मामले में सहायक पुलिस आयुक्त अमित कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सारनाथ थाना के पंचकोशी रेलवे क्रॉसिंग के पास रहने वाला 30 साल का गोविंद सोनकर शराब पीने का आदी था। हालांकि पत्नी उसे शराब पीने के लिए मना करती थी। लाख समझाने के बाद भी उसने शराब नहीं छोड़ी। बुधवार की रात पत्नी के मना करने के बाद भी वह शराब पी रहा था। इसी बात को लेकर उसका 28 साल की पत्नी खुशबू सोनकर से झगड़ा हो गया। पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की मगर वह नहीं माना। इसके बाद गुस्साई पत्नी रेलवे पटरी पर लेट गई। गोविंद उसे बचाने के लिए गया मगर दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। सहायक पुलिस आयुक्त के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सारनाथ थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मृतक दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। आस-पास के लोग घटना से हैरान हैं। उनका कहना है कि माता-पिता की मौत के बाद अब बच्चों का क्या होगा। वहीं माता-पिता को खोने के बाद बच्चों का बुरा हाल है।