नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाए को चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को लगातार कामयाबी मिल रही है। इसी क्रम में सुरक्षाबलों ने आज अनंतनाग में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक अनंतनाग के बिजबेहरा इलाके में सुरक्षा बलों के साथ आतंकवादियों की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। इससे पहले भी 6 सितंबर को जम्मू कश्मीर में 2 आतंकवादी मारे गए थे। पुलिस के मुताबिक मारे गए आतंकवादियों की पहचान फैयाज कुमार और ओवैस खान के रूप में हुई, जो आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिन्द से जुड़े थे। वे 03-07-2022 को चीनीवुडर श्रीगुफवाड़ा में पुलिस कर्मियों पर हमले सहित कई आतंकी हमलों में शामिल थे, जिसमें 1 पुलिस कर्मी फिरदौस डार गंभीर रूप से घायल हो गए। और 12-08-2022 को दराशिकोह पार्क बिजबेहरा जिसमें एक पुलिस कर्मी कादिर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा 15-06-2022 को पदशाहीबाग में ग्रेनेड लॉबिंग में शामिल थे। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।