नई दिल्ली। बिहार के छपरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट होने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हांलाकि यह भी कहा जा रहा है कि जहां पर हादसा हुआ है वहां अब भी कई लोग मलबे में दबे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि पलभर में पूरी इमारत जमींदोज हो गई और कई किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है और लोग अपनों को खोजने में जुटे हैं। उधर सूचना पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई टीमें मौके पर पहुंची है और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यहां खोदाईबाग गांव में गैरकानूनी तरीके से पटाखा बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट कर गया। इसके बाद पूरी बिल्डिंग भरभरा कर गिर पड़ी। देखते ही देखते बिल्डिंग में आतिशबाजी शुरू हो गई। बिल्डिंग में ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है। घटना वाली जगह पर घेराबंदी कर दी गई है।
कई लोग बिल्डिंग के मलबे में दब गए हैं। रिहायशी इलाके में इस से पटाखा फैक्ट्री चलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यहां फैक्ट्री में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी खैरा थाना क्षेत्र में बम बनाने के दौरान विस्फोट हो चुका है। इससे पहले जिले के खोदाई बाग के ओलहनपुर में पहले भी दो बार हो बम विस्फोट हो चुका है। यहां करीब 12 अवैध पटाखा फैक्ट्रियां हैं।