नई दिल्ली। जम्मू संभाग के पुंछ जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है, यहां सुरनकोट में सीमा सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही सेना की एक बटालियन में तैनात जवानों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि मौके पर गोलियां तड़तड़ाने लगी। बताया जा रहा है गोलीकाण्ड में सेना के दो जवानों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर गोलीबारी की आवाज सुन बटालियन में अफरा-तफरी मच गयी।
सुरनकोट पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल विवाद के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। सूत्रों ने बताया कि यह मामला सुबह साढ़े पांच बजे के करीब का है। बताया जा रहा है कि टेरिटोरियल बटालियन के इन जवानों की सुबह छह बजे परेड होनी थी। उससे पहले ही किसी मामले को लेकर जवानों में आपसी विवाद छिड़ गया। बात इतनी बढ़ गई कि जवानों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच कुछ जवानों ने परेड के लिए दिए गए हथियारों का इस्तेमाल करते हुए एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें दो जवानों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुन साथी जवान व अधिकारी विंग में पहुंचे तो कुछ जवान जमीन पर खून में लथपथ गिरे हुए थे। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने दो को मृत लाया घोषित कर दिया जबकि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। जवानों ने इस गोलीकांड की वजह विवाद तो बताया परंतु यह पता नहीं चल पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ। वहीं सेना के किसी भी अधिकारी ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है।