नई दिल्ली। कर्नाटक में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि दस दिन के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इससे पहले 26 जुलाई को यहां भाजयुमो नेता की हत्या की गई थी। उधर दस दिन में तीन लोगों की हत्या से लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार देर शाम मंगलुरु में नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल मो. फाजिल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि हम इन मामलों में सख्त एक्शन लेंगे। अब आप इसे यूपी मॉडल कहिए या फिर कर्नाटक मॉडल।
गुरुवार शाम जिस युवक की हत्या हुई, उसका नाम मंगलपेटे निवासी मोहम्मद फाजिल है। पुलिस ने बताया कि सुरथकल इलाके में फाजिल की हत्या तब हुई, जब वो कपड़े की दुकान के बाहर अपने परिचित से बात कर रहे थे। चार लोग कार से आए और उस पर हमला किया। चारों लोगों ने चेहरे को ढंक रखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाजिल पुलिस का इंफॉर्मर था। इस मामले में पुलिस ने 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कृष्णापुर, कुलाई, सूरतकल में 144 लागू की गई है। मंगलुरु शहर के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने कहा कि सीसीटीवी में जिस व्यक्ति की पहचान की गई है, उसकी तलाश जारी है।