नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां हरिहरेश्वर तट पर समुद्र में दो संदिग्ध नाव मिली हैं। बताया जा रहा है कि नाव में एके-47, राइफलें और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं। स्थानीय लोगों ने इन नावों को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रस्सी के सहारे बोट को किनारे खींचा और उन्हें जब्त कर लिया है। बता दें कि 2008 में मुंबई में हुआ आतंकी हमला कुछ इसी पैटर्न पर हुआ था। इसे देखते हुए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पूरे रायगढ़ जिले को हाईअलर्ट पर रखा गया है। साथ ही समुद्र किनारे के सभी इलाकों की की नाकेबंदी कर दी गई है। मौके पर एंटी टेरर स्क्वॉड भी पहुंच गई है।
यह भी बता दें कि करीब 13 साल पहले यानी 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने ताज होटल समेत मुंबई के कई जगहों पर कत्लेआम मचाया था। इसमें 300 से ज्यादा लोग मारे गए थे। तब लश्कर-ए-तैय्यबा के 10 पाकिस्तानी आतंकी समुद्र के रास्ते ही यहां आए थे। इनमें से 9 मारे गए थे, जबकि सिर्फ अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। 21 नवंबर 2012 को कसाब को फांसी पर लटका दिया गया था।