नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आए दिन बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मूसेवाला की हत्या का सौदा 1 करोड़ रुपए में हुआ था। इसमें हर शार्प शूटर को 5-5 लाख रुपए मिले जबकि बाकी पैसा दूसरे मददगारों को दिया गया। सूत्रों के मुताबिक मूसेवाला की हत्या के दिन हत्यारों की गाड़ी में 10 लाख कैश मौजूद था। यह कैश कनाडा में बैठे लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने भिजवाया था।
यह भी खुलासा हुआ है कि मूसेवाला के कत्ल में विदेशी हथियार इस्तेमाल किए गए। जिसमें ऑस्ट्रिया की ग्लॉक पिस्टल, जर्मनी की हेकलर एंड कोच P-30 हैंडगन, स्टार पिस्टल, तुर्की की जिगाना सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और AK47 का इस्तेमाल हुआ। विदेशी हथियारों को चलाने से पहले प्रियवर्त फौजी और अंकित सेरसा ने इनकी ट्रेनिंग ली।
बताया जाता है कि मोगा का रहने वाला शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा कुछ समय पहले जेल गया था। वहां उसकी पिटाई की गई। उसे शक था कि बंबीहा गैंग ने उसकी पिटाई करवाई है। इसका वीडियो बनाकर बाद में वायरल भी किया गया था। मनु गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ का करीबी है। वह बंबीहा गैंग से बदला लेना चाहता था। इसी वजह से गोल्डी बराड़ ने सभी शार्पशूटर्स को कह दिया था कि मूसेवाला को पहली गोली मनु ही मारेगा। इसके लिए उसे AK 47 दी गई थी। मनु की गोली से ही मूसेवाला की मौत हुई।