उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र के अंर्तगत दोस्त के फ्लैट में रुके युवक को तीन बदमाशों ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली युवक के पैर को भेदती हुई दीवार पर जा लगी। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने राजपुर पुलिस को शिकायत की है। इसके बाद शुक्रवार देर रात को पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार लारा सिंह निवासी शेरपुर हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराई कि वह गुरुवार रात मसूरी रोड स्थित फॉरेस्ट रेजिडेंस में दोस्त हेमंत राजपूत के फ्लैट पर रुका था। फ्लैट में हेमंत की महिला मित्र भी मौजूद थी। देर रात मुंह पर कपड़ा बांधे तीन युवक फ्लैट में घुसे और पहले लारा सिंह के साथ मारपीट की। उसके बाद तीन बदमाशों में से एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली लारा सिंह के पैर को भेदती हुई दीवार पर जा लगी। गनीमत रही कि गोली उसके पैर पर लगी जिससे उसकी जान बच गई। वहां मौजूद युवती ने शोर मचाया तो उन्होंने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। घायल हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित की ओर से पुलिस को शिकायत की गई है। घायल युवक और हमलावर दोनों हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि लारा सिंह के अनुसार वह इन तीन में दो युवकों को पहचानता है। वह भी हरिद्वार जिले के ही रहने वाले हैं। इस घटनाक्रम की शिकायत लारा सिंह ने राजपुर पुलिस को भी दी है। एसओ राजपुर जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। शुक्रवार शाम को पीड़ित लारा सिंह द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई और देर रात को तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।