नई दिल्ली। आगामी 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में विपक्षी दलों की बैठक में आम आदमी पार्टी शामिल होगी। इस बात की जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी। आपको बता दें कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई को मजबूती देने के लिए 26 विपक्षी दल एक मंच पर आए हैं। अपने गठबंधन का नाम उनकी ओर से इंडिया रखा गया है। हाल में ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच टकराव देखने को मिली। कांग्रेस ने दिल्ली की सातों सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। इसके बाद आम आदमी पार्टी की ओर से दावा किया गया था कि ऐसे में इंडिया गठबंधन का क्या मतलब है। इसके बाद माना जा रहा था कि आम आदमी पार्टी मुंबई को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है। हालांकि अब केजरीवाल ने साफ किया है कि हम मुंबई जाएंगे और जो भी रणनीति बनेगी वो आपको बताया जाएगा। मुंबई में सीट-बंटवारे का फॉर्मूला मुख्य एजेंडा होगा। मामले की जानकारी रखने वाले एक दूसरे व्यक्ति ने कहा कि जिस व्यवस्था पर चर्चा की जा रही है वह मुख्य रूप से राज्य-विशिष्ट होगी, जिसमें यथासंभव अधिक से अधिक सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के खिलाफ एक उम्मीदवार खड़ा करने पर जोर दिया जाएगा।