उत्तराखंड की जनता को सौगात मिलने में देरी, प्रधानमंत्री के व्यस्त चुनावी कार्यक्रमों ने बदला प्लान

Blog
 Image

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चार अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा टल गया है। सूत्रों के अनुसार, चुनावी राज्यों में व्यस्तता के चलते उनका यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम अप्रैल माह के अंत में उत्तराखंड आएंगे।

पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां जोरों पर थीं। कार्यक्रम में देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का शिलान्यास और राज्य की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास शामिल था। इसके अलावा देहरादून के गढ़ीकैंट मैदान में एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी चल रही थी और मैदान में मंच, कुर्सियों तथा अन्य व्यवस्थाओं का काम शुरू हो गया था। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने दौरे को लेकर पूरी तैयारियां कर ली थीं। जनसभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह था। लेकिन चुनावी राज्यों में प्रचार अभियान की व्यस्तता के कारण प्रधानमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम को कुछ दिन के लिए टालने का फैसला लिया। सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी अप्रैल माह में ही उत्तराखंड आने वाले हैं, हालांकि नई तारीख अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की गई है। नई तारीख घोषित होते ही कार्यक्रम की रूपरेखा फिर से तैयार की जाएगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यालय ने भी पुष्टि की है कि पीएम का कार्यक्रम स्थगित हुआ है, लेकिन जल्द ही नया कार्यक्रम तय हो जाएगा। राज्य सरकार ने सभी तैयारियों को बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि नई तारीख पर कोई परेशानी न हो। उत्तराखंड की जनता पीएम मोदी के दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रही है। खासकर देहरादून एलिवेटेड रोड और पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार जैसी बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जल्द ही प्रधानमंत्री के नए कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है, जिसके बाद राज्य में फिर से तैयारियां तेज हो जाएंगी।