नई दिल्ली। कन्नड़ सुपर स्टार पुनीत राजकुमार का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को बेंगलुरु में दफनाया गया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और दक्षिण फिल्म इंडस्ट्री के कई सुपर-स्टार उन्हें आंखिरी सलामी देने के लिए पहुंचे। बता दें कि कन्नड के सुपर स्टार पुनीत राजकुमार का बीते 29 अक्टूबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम पर रखा गया था। उनका अंतिम संस्कार उनके माता-पिता की समाधि के पास ही किया गया है। बता दें कि पुनीत राजकुमार सुपर स्टार होने के साथ-साथ एक अच्छे इंसान थे। वह लोगों को दिलों पर राज करते थे और यही कारण है कि उनके निधन की खबर के बाद दो प्रशंसकों की सदमे में मौत हो गयी, जबकि एक ने आत्महत्या कर ली। जैसे ही उनके निधन की खबर पता चली प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन को उमड़ पड़े। कांतीरवा स्टेडियम में लाखों की संख्या में पहुंचे फैंस ने उनके अंतिम दर्शन किए। बताया जाता है कि अपने 46 साल के छोटे से जीवनकाल में पुनीत परोपकार के भी पावर स्टार भी थे। वे धर्मों के खिलाफ कुछ नहीं सुन पाते थे। कोरोना महामारी के दौरान भी पुनीत ने सीएम रिलीफ फंड में 50 लाख रुपए डोनेट किए थे। पुनीत ने 45 स्कूल, 26 अनाथालय, 16 वृद्धाश्रम, 19 गोशाला और 1800 अनाथ लड़कियों की हायर एजुकेशन की जिम्मेदारी उठाई थी। कहते हैं पुनीत अपनी मां की तरह ही परोपकारी कार्यों में शामिल रहते थे उन्होंने अपनी आंखें दान करने का वादा किया था। इस वादे को उनके मरने के बाद पूरा किया गया।