नई दिल्ली। संसद का विशेष सत्र का आज तीसरा दिन है। यहां लोकसभा में महिला आरक्षण बिल 2023 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने जातीय जनगणना और ओबीसी वर्ग की महिलाओं को आरक्षण दिए जाने का मुद्दा उठाया। सोनिया गांधी ने ये कहा कि कांग्रेस बिल का समर्थन करती है लेकिन सरकार बताए कि ये कब तक लागू होगा। हमारी मांग है कि ये बिल फौरन लागू हो। झारखंड के गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के निशिकांत दुबे ने सोनिया की मांग और वार पर चुन-चुनकर प्रहार किए। निशिकांत दुबे ने संविधान के अनुच्छेद 82 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें साफ है कि जनगणना होगी और उसके बाद 2026 तक परिसीमन होगा। हम कैसे फौरन लागू कर दें। उन्होंने कहा कि क्या आप ये चहती हैं कि ये सुप्रीम कोर्ट खारिज कर दे और महिलाओं को आरक्षण न मिल पाए। निशिकांत ने क्रेडिट वार को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर ओबीसी को आरक्षण देना था तो निकाय और पंचायत चुनाव में क्यों नहीं दिया। ये देश संविधान से चलता है। संविधान के आर्टिकल 243 डी और टी में कहीं भी ओबीसी की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि आपने पंचायत में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की। आपने तब उसमें ओबीसी के लिए रिजर्वेशन क्यों नहीं दिया।