नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नई शराब नीति पर उठ रहे सवाल और सीबीआई जांच के बीच सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने केजरीवाल सरकार पर सवाल उठाए हैं। अन्ना हजारे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को पत्र लिखकर नसीहत दी है। पत्र में उन्होंने कहा कि आप भी सत्ता के नशे में डूब गए। एक बड़े आंदोलन से जन्मी एक पार्टी के लिए यह शोभा नहीं देता। कहा कि आपने ‘स्वराज’ नाम की किताब में कितनी आदर्श बातें लिखी थी। आप से बड़ी उम्मीद थी, लेकिन लगता है राजनीति में जाने और मुख्यमंत्री बनने के बाद आप आदर्श विचारधारा को भूल गए हैं। जिस प्रकार शराब का नशा होता है उसी प्रकार सत्ता का भी नशा होता है। आप भी ऐसी सत्ता के नशे में डूब गए हो, ऐसा लग रहा है। कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि दिल्ली में भी महाराष्ट्र जैसी शराब नीति बनेगी? लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। लोग सत्ता के लिए पैसे और पैसे के लिए सत्ता के घेरे में फंस गए हैं। यह उस पार्टी के अनुरूप नहीं है जो एक बड़े आंदोलन से पैदा हुई है। देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े आंदोलन का शंखनाद कर चुके अन्ना हजारे ने दिल्ली की आप सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।