हैदराबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर मामला दर्ज कर लिया गया है। असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ यह मामला तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख रेवंत रेड्डी ने दर्ज करवाया है,इसके अलावा रेड्डी ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं से हिमंता के खिलाफ राज्य के सभी पुलिस थानों में भी शिकायत दर्ज कराने को कहा है।तेलंगाना की जुबली हिल्स पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ धारा 504 और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।
मालूम हो कि 11 फरवरी को उत्तराखंड के किच्छा में एक रैली को सम्बोधित करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने सर्जिकल स्ट्राइक का हवाला देकर पूछा था कि क्या भाजपा ने कभी राहुल गांधी से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे होने का प्रमाण मांगा था।