नई दिल्ली। मनी लांड्रिंग मामले में आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि ईडी सोनिया गांधी से करीब 39 सवाल पूछ सकती है, हांलाकि इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सोनिया के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी ईडी दफ्तर पहुंची है। इससे पहले खबर आ रही थी कि राहुल गांधी भी उनके साथ पहुंचे हैं। उधर सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों ने देशभर में सत्याग्रह अभियान चलाया है। जगह-जगह कांग्रेसी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, इस बीच राहुल गांधी ने इसे ईडी का दुरुपयोग बताते हुए संसद भवन से विजय चौक तक प्रदर्शन में हिस्सा लिया। वहीं पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया है। राहुल संसद भवन से विरोध करते हुए विजय चौक तक पहुंचे थे। कई अन्य कांग्रेस सांसदों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
उधर सोनिया से पूछताछ के विरोध कांग्रेस नेताओं ने संग्राम छेड़ दिया है। ईडी दफ्तर के बाहर पार्टी के कार्यकर्ता और नेता जुट गए हैं। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सोनिया से पूछताछ को गलत बताया है। कांग्रेस सांसद संसद भवन परिसर में विरोध कर रहे हैं। गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं।
इधर बीजेपी नेता संबित पात्रा ने सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस के बवाल पर निशाना साधा है। पात्रा ने कहा कि क्या सोनिया गांधी से पूछताछ नहीं होनी चाहिए? सत्याग्रह के नाम पर हर जगह ट्रैफिक रोकने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध की जरूरत नहीं है बल्कि कन्फेशन की जरूरत है। ये 5 हजार करोड़ का गबन है। अभी स्वीकर करने की जरूत है कि किस प्रकार से इसका पूरा का पूरा षडयंत्र रचा गया था। यंग इंडिया कंपनी के माध्यम से कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया और राहुल गांधी ने यंग कपनी बनाकर इसका गबन किया।