रूस और यूक्रेन के बीच विवाद और गहरा गया है। लगातार बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादियों की स्वतंत्रता को मान्यता दे दी है। पुतिन ने कहा कि, यूक्रेन रूस का एक अभिन्न अंग है। राष्ट्रपति पुतिन ने हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से लुगांस्क और डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक दोनों को यूक्रेन के स्वतंत्र गणराज्यों के रूप में मान्यता देने की घोषणा की। जिसके बाद माना जा रहा है कि, यूक्रेन और रूस के बीच शांति समझौते की बची उम्मीद भी खत्म हो गई है।
पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि यूक्रेन का नाटो में शामिल होना रूस की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा होगा। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन परमाणु हथियार बनाने की योजना में जुट गया है।
अपने संबोधन में पुतिन ने अमेरिका और नाटो पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन कठपुतली की तरह चलने वाला एक अमेरिकी उपनिवेश है। अमेरिका और नाटो ने मिलकर यूक्रेन को युद्ध का मैदान बना दिया है।