नई दिल्ली। नोएडा के गालीबाज श्रीकांत त्यागी को भले ही तीन मामलों में जमानत मिल चुकी हो, लेकिन अभी वह जेल में ही रहेंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट लगाया हुआ है। गौरतलब है कि नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में रहने वाली महिला से श्रीकांत त्यागी की भिड़ंत हो गई थी। जब पूरी घटना का वीडियो वायरल हुआ तो मामला गहरा गया। वीडियो में श्रीकांत त्यागी एक महिला से बदतमीजी और गाली-गलौज करता दिख रहा था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दबिश देनी शुरू की। इसके बाद पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त मेरठ से गिरफ्तार किया था। श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद जिस तरह से त्यागी समाज उसके पक्ष में एकजुट हुआ था उससे नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा के लिए मुश्किल हो गई थी। यह मामला त्यागी बनाम ब्राह्मण का रूप लेने लगा। त्यागी समाज ने नोएडा में महापंचायत की। महापंचायत के बाद त्यागी समाज के लोगों ने गौतमबुद्धनगर थाने के डीएम से मुलाकात की। उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसमें श्रीकांत त्यागी की रिहाई की मांग की गई।