नई दिल्ली। देशभर में बारिश का कहर जारी है, आलम यह है कि बारिश के चलते जहां अधिकांश राज्यों में बाढ़ के हालात पैदा हुए हैं वहीं बाढ़ और बारिश से मरने वालों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल समेत देश के 25 राज्यों में बारिश हो रही है। गुजरात में पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 14 लोगों की जान चली गई। वहीं महाराष्ट्र में अब तक 84 लोग मारे गए हैं। इस तरह बाढ़, बारिश और भूस्खलन जैसे हादसों में अब तक 218 लोगों की जान जा चुकी है। उधर तेलंगाना में बुधवार को रिकॉर्ड 68.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। छत्तीसगढ़ में 35.8 मिमी और महाराष्ट्र में 43 मिमी बारिश हुई। देश में अब तक औसत से 11% अधिक बारिश हो चुकी है।
वहीं लगातार बारिश की वजह से महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA ) के सदस्य ने बताया कि चंद्रपुर का 60-70% इलाका बाढ़ से प्रभावित है। यहां के 250-300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, भारी बारिश की वजह से गुरुवार को ठाणे, पालघर और नवी मुंबई के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। उधर, मुंबई यूनिवर्सिटी ने गुरुवार को होने वाले परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इनकी नई तारीखों का ऐलान बाद में होगा।