नई दिल्ली। मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव की हालत में अब धीरे-धीरे सुधार आ रहा है। हांलाकि अभी भी वह वेंटिलेटर पर ही रखे गए हैं, लेकिन देर रात उनके शरीर में मूवमेंट होने की खबर सामने आई है। उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देर रात करीब दस बजे राजू की पत्नी शिखा को फोन कर उनका हाल जाना और शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार राजू की तबीयत को लेकर अपडेट ले रहे हैं। बता दें कि अभी दो दिन पहले ही राजू श्रीवास्तव को अचानक हार्ट अटैक आने के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजू के भतीजे मयंक के मुताबिक, डॉक्टर्स ने बताया है कि उन्होंने 48 घंटों बाद गुरुवार देर रात खुद से पैर मोड़ा है। ये अच्छे संकेत हैं। वहीं, AIIMS दिल्ली ने भी देर रात हेल्थ बुलेटिन में जानकारी दी है कि उनकी सेहत में अब तेजी से सुधार आ रहा है। राजू के PRO गर्विंत नारंग ने बताया कि उन्हें अभी वैंटिलेटर सपोर्ट पर ही रखा गया है। ब्रेन अब भी सही तरीके से रिस्पॉन्स नहीं कर रहा है। राजू की बेटी अंतरा ने बताया कि उनके पिता की हालत में कोई सुधार नहीं आया है। हम बस दुआ कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि वो जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। सिंगर सोनू निगम ने भी राजू की पत्नी से बातचीत की। सोनू ने कहा कि वे देश से बाहर हैं। जैसे ही भारत पहुंचेंगे, सबसे पहले उनसे मिलने आएंगे। सोनू ने राजू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कॉमेडियन जॉनी लिवर ने भी उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।