नई दिल्ली। देशभर में लगातार आसमानी आफत बरस रही है। बारिश के चलते कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 5 दिनों तक सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट है।
यूपी के 54 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिन राज्य के हाथरस जिले में 43 MM बारिश हुई है। इधर, बिहार के कई जिलों में देर रात से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर समेत राज्य के 19 जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल के शिमला में बारिश से कई स्थानों पर लैंडस्लाइड हुआ है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बादल फटा है। यह घटना धारचूला के सोबला गांव में हुई है। यहां घाटी का पुल बह गया और कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
राजस्थान में मानसून इस बार के मानसून में 29 दिन में ही पूरे इलाके को भिगो दिया। प्रदेश के पश्चिमी राजस्थान में इस बार सबसे ज्यादा बारिश हुई। श्रीगंगानगर और जोधपुर जैसे इलाकों में बचाव के लिए इस बार सेना को मोर्चा संभालना पड़ा। वहीं जुलाई में मानसून ने 11 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है, जब 266MM बारिश हुई।