नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां अलीपुर इलाके में आज एक निर्माणाधीन गोदाम की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में अबतक पांच लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि कई मजदूरों के मलबे में फंसे होने होने की सूचना है। फिलहाल मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों द्वारा रेस्क्यू चलाया जा रहा है और मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अब तक 10 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से 2 लोगों की हालात गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में करीब 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उधर इस हादसे पर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि अलीपुर में दुखद हादसा हुआ। जिला प्रशासन राहत और बचाव के काम में जुटा हुआ है। मैं स्वयं राहत कार्य पर नज़र रखे हुए हूं। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।