नई दिल्ली। कोरोना ने एक बार फिर देश में दहशत का माहौल बनाना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में देश के 9 राज्यों में कोरोना से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इन 9 राज्यों में लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और सरकार की चिंता भी बढ़ गयी है। ताजा आंकड़ों की मानें तो केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, असम, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 21,880 नए केस आए और 21,219 मरीज ठीक हुए। इस दौरान 60 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं एक्टिव मामलों की संख्या 1,49,482 पहुंच गई है। इससे पहले गुरुवार को देश में 21,566 नए केस मिले थे।
इस बीच महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा ऐसे राज्य हैं जहां 24 घंटे में नए केस एक हजार से ऊपर रिकॉर्ड किए गए। अकेले बंगाल में बीते 24 घंटे में 2,486 नए केस आए, 6 संक्रमितों की मौत हो गई। यहां सबसे ज्यादा 27,755 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। नए केस के मामले में अभी बंगाल टॉप पर आ गया है। इससे पहले केरल और महाराष्ट्र टॉप पर थे।
देश के छह राज्य ऐसे हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ज्यादा है। इन राज्यों में असम, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय और बंगाल शामिल हैं। असम में पॉजिटिविटी रेट- 10.83%, सिक्किम में 13.23%, नागालैंड में 10.38%, मेघालय में 16.71%, हिमाचल में 12.94% और बंगाल में 16.24% रिकॉर्ड की गई। बंगाल को छोड़कर बाकी पांच राज्यों में भले ही पॉजिटिविट रेट 10 फीसदी से ज्यादा हो, लेकिन यहां रोजाना केस एक हजार से नीचे है।