नई दिल्ली। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य किसान संगठनों ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर महापंचायत बुलाई है। सुबह से ही महापंचायत में शिरकत करने के लिए किसान यहां पहुंचने शुरू हो गए हैं। उधर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए किसानों को जंतर मंतर पर महापंचायत करने की अनुमति नहीं दी है, बावजूद इसके किसान संगठन महापंचायत करने पर आमादा है। शाम 4 बजे तक महापंचायत प्रस्तावित है। सोनीपत से दिल्ली के जंतर मंतर आने के लिए जीटी रोड पर केएमपी व केजीपी के नीचे बड़ी संख्या में किसान इकट्ठा हुए। इनका नेतृत्व अभिमन्यु कोहाड़ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसानों का यह जत्था दिल्ली के जंतर मंतर के लिए रवाना हुआ है। किसान महापंचायत को लेकर बाहरी दिल्ली पुलिस टीकरी बॉर्डर पर नजर बनाए हुए है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा का कहना है कि फिलहाल बॉर्डर पर सब कुछ सामान्य है। आवाजाही पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह करीब छह बजे बॉर्डर पर पुलिस की हलचल कुछ देर के लिए हुई थी, लेकिन इसके बाद पुलिसकर्मी चले गए। अभी बार्डर पर कुछ ही पुलिसकर्मी हैं।