नई दिल्ली। कन्नड़ सुपर स्टार पुनीत राजकुमार के निधन के बाद उनके परिजनों के साथ प्रशंसकों का भी बुरा हाल है। खबर तो यहां तक आ रही है सुपर स्टार पुनीत की मौत की खबर सुनकर दो लोगों को हार्टअटैक आ गया जबकि एक ने आत्महत्या कर ली। वहीं सुपरस्टार पुनीत का अंतिम संस्कार कल किया जायेगा। उनकी बेटी बेटी वंदिता अमेरिका से आज भारत पहुंच जाएंगी। वंदिता को दिल्ली से बैंगलुरु तक पहुंचाने के लिए स्टेट अथॉरिटी ने एक स्पेशल विमान की व्यवस्था की है। उधर उनके निधन से फिल्म जगत के साथ ही उनके फैंस में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो भी उनके निधन की खबर सुन रहा है वह सन्न रह जा रहा है। मीडिया रिपोर्टस की मानें तो कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुका के मारो गांव में 30 साल के एक शख्स को खबर सुनते ही हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम मुनियप्पा है जो पेशे से एक किसान था। वहीं बेलगावी के शिंदोली गांव में दूसरे फैन की भी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। यही नहीं सुपरस्टार पुनीत के निधन की खबर आने के बाद कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी के एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। बता दें कि बीते रोज कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का निधन हो गया। पुनीत को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा था, जिसके तुरंत बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए कांतीरवा स्टेडियम में रखा गया है।