नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है लेकिन शोषण करने वाली सरकार को ये नहीं पसंद है इसलिए आज भारत बंद है। गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत में 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ का एलान किया था। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि तीन कृषि कानूनों के वापस लिए जाने तक वह अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। वहीं किसानों के भारत बंद का असर देश के विभिन्न राज्यों में देखने को मिल रहा है। जगह-जगह किसान सड़कों पर उतर आए हैं और कई जगहों से जाम की खबरें भी सामने आ रही हैं। वहीं कई स्थानों पर बाजार बंद होने की सूचना भी मिली है। वहीं किसानों के आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।