स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक लालचौक अपने नए रूप में दिखा। तिरंगे की रोशनी से घंटाघर जश्न-ए-आजादी के रंग में जगमग कर रहा था। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवपुनर्निर्मित घंटाघर का स्वरूप बदला हुआ था। नजारा भी अद्भुत था। आम कश्मीरियों व पर्यटकों का तांता था।
सोमवार शाम को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुभारंभ किया। चार वर्ष पूर्व स्वतंत्रता दिवस से पहले घंटाघर में होता था ‘डर’ का पहरा! अब शान से लहरा रहा था तिरंगा। समारोह में राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया और ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे देशभक्ति के नारे भी लगाए। समारोह शाम छह बजे शुरू होना था, लेकिन लोग चार बजे से ही घंटाघर पहुंच गए थे। वर्षा भी शुरू हो गई, लेकिन लोग रात देर गए तक आकर्षक लाइट से चमक रहे घंटाघर को निहारते रहे। वे मोबाइल फोन में यादगार क्षणों को कैद करते रहे। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सुरक्षा प्रबंध कड़े होने की परवाह किए बगैर बेखौफ होकर डटे रहे। इन छोटी छोटी खुशियों के लिए वह समय तक तरसे हैं। घंटाघर के नए रूप को देखने आए मोहम्मद सलीम काचू ने कहा कि वह पास में ही रहते हैं। दिन में कई बार इस घंटाघर से गुजरना होता है। इसलिए आया हूं कि दोस्तों के साथ अपना कुछ समय बिताऊं। हमारे यहां नाइट लाइफ सपना जैसा था। हालात ने कभी इजाजत नहीं दी कि हम देररात तक सड़कों पर ऐसे बेखोफ होकर घूमें फिरे और मौज करें। घंटाघर के निकट सड़क किनारे लगाए टेबल पर चाय की चुस्कियां ले रहे अफान, कासिम व मुनीब ने कहा कि घुटन भरी जिंदगी जी हमने अभी तक। अब वह दौर गुजर गया। अब यहां तरक्की का दौर है। अमन व खुशहाली है। हमारा कश्मीर बदल रहा है। हमारी सोच बदल रही है। हम खुद में नई ऊर्जा महसूस कर रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगाते घंटाघर के निकट सेल्फी लेते लोगों की तरफ इशारा करते हुए तीनों ने कहा, देखिए हमारे चेहरों पर मुस्कान लौट आई हैं। आम लोगों की तरह हम भी मुस्कराना चाहते थे। यहां रहने वाले हालात के चलते चाह कर भी ऐसा नहीं कर पाते थे। दिल्ली की रजनी रसीली ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि जब पुनर्निर्मित घंटाघर का उद्घाटन किया जा रहा था तो वह लाल चौक पर मौजूद थीं। घंटाघर का नवीनीकरण कार्य पिछले साल के अंत में शुरू किया गया था। उपराज्यपाल मनोज सिंहा ने कहा कि प्रदेश की प्रगति तथा लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन संकल्पद्ध है। श्रीनगर को खूबसूरत बनाया जा रहा है। जल्द इसको को न केवल घाटी बलिक देश का सब से खूबसूरत शहरों में गिना जाएगा।