लखनऊ। यूपी के बाराबंकी से दुखद खबर आ रही है। यहां टूरिस्ट बस और ट्रक टक्कर हो गयी, जिसके चलते नौ लोगों की मौत हो गयी। इस घटना में 27 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना पर प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। बताया जाता है कि बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। हादसा देवा इलाके में बबुरी गांव के पास तड़के 4 बजे के करीब हुआ। प्रशासन ने घायलों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर. 9454417464 जारी किया है। पुलिस ने बताया कि बस की स्पीड तेज थी और सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने में ट्रक और बस की टक्कर हुई है। हालांकि एक घायल महिला यात्री ने आरोप लगाया कि बस वाले शराब के नशे में थे। उसका इशारा ड्राइवर और कंडक्टर की तरफ था। बाराबंकी SP यमुना प्रसाद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी। मौके पर JCB बुलाई गई। इसकी मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गैस कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। वहीं, जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की है।