नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने आगामी 26 अक्टूबर को लखनऊ में महापंचायत करने का ऐलान किया है। यही नहीं किसान मोर्चे ने 18 अक्टूबर को देशभर में रेल रोकने की भी घोषणा भी की है। सूत्रों की मानें तो किसानों के महापंचायत ऐलान और रेल रोकने की घोषणा के बाद खुपिया तंत्र अलर्ट हो गया है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से अभी से रणनीति बनाई जाने लगी है। किसान नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका जाएगा। यादव ने कहा कि देशभर लोगों से आग्रह है कि शाम 8 बजे 5 मोमबत्ती अपने घरों के बाहर किसानों की शहादत के लिए रखें। इसके अलावा 12 अक्टूबर को तिकोनिया से पूरे देश के लिए शहीद किसानों के अस्थि कलश यात्रा रवाना होगी। यह यात्राएं 24 तारीख तक समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रेल रोको कार्यक्रम का आह्वान किया गया है और 26 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ऐतिहासिक महापंचायत होगी। संयुक्त किसान मोर्चा की मांग है कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी अपने पद से इस्तीफा दें और उनके पुत्र आशीष मिश्रा को गिरफ्तार किया जाए।