नई दिल्ली। भारत ने कोविड-19 वैक्सीन के 100 करोड़ डोज का आंकड़ा आज पूरा कर लिया। 100 करोड़ डोज पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहियाअस्पताल पहुंचे और उन्होंने हेल्थकेयर वर्कर्स से बात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सभी हेल्थ वर्कर्स के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य स्वास्थ्य विभागों से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों की बदौलत ही पूरा हो पाया है। बता दें कि देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई। शुरुआती 20 करोड़ वैक्सीन डोज 131 दिन में लगे। अगले 20 करोड़ डोज 52 दिन में दिए गए। 40 से 60 करोड़ डोज देने में 39 दिन लगे। 60 करोड़ से 80 करोड़ डोज देने में सबसे कम, महज 24 दिन लगे। अब 80 करोड़ से 100 करोड़ होने में 31 दिन लगे हैं। यानी अब रफ्तार कम हो गई है। अगर इसी रफ्तार से वैक्सीनेशन होता रहा तो देश में 216 करोड़ वैक्सीन डोज लगने में करीब 175 दिन और लगेंगे। यानीए 5 अप्रैल 2022 के आसपास ये आंकड़ा हम पार कर सकते हैं। बता दें देश की 75 प्रतिशत युवा आबादी को कम से कम एक डोज लग चुका है और 31 प्रतिशत आबादी को दोनों डोज लग चुके हैं। वहीं वैक्सीन के 100 करोड़ डोज पूरे होने का ऐलान करने के लिए सरकार ने खास तैयारियां की हैं। इसके लिए ट्रेन, प्लेन और जहाजों पर लाउडस्पीकर से घोषणा की जा रही है। साथ ही 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा कर चुके गांवों से कहा गया है कि उन्हें पोस्टर और बैनर लगाकर हेल्थ वर्कर्स का सम्मान करना चाहिए।