नई दिल्ली। बिहार में संदिग्ध परिस्थितियों में 21 लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इन लोगों ने जहरीली शराब का सेवन किया है। जानकारी के अनुसार 13 लोगों ने बिहार के गोपालगंज में जान गंवाई है। 7 की हालत गंभीर है। यहां 3 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। उधर बिहार के ही बेतिया में 8 की मौत हुई है। यहां 9 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोपालगंज में जिन लोगों की शराब पीने से तबीयत बिगड़ी उनका मोतीहारी के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सभी मृतक महम्मदपुर थाने के कुशहर, महम्मदपुर, मंगोलपुर, बुचेया और छपरा के मसरख थाने के रसौली गांव के रहने वाले थे। इन सभी ने मंगलवार को शराब पी थी। इसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई थी। गांव वालों ने बताया कि बुधवार शाम तक आठ लोगों की मौत हुई थी। वहीं गुरुवार सुबह तक मोतिहारी और गोपालगंज के अस्पताल में भर्ती पांच और लोगों की मौत हो गई। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।