देहरादून। उत्तराखण्ड में हो रही मूसलाधार बारिश लगातार जानलेवा होती जा रही है। अब तक बारिश के चलते कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं शासन से लेकर प्रशासन तक अतिवृष्टि पर नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान सभी जिलों में प्रशासनिक अमला अलर्ट है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार राहत और बचाव के कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के हालातों पर नजर बनाए हुए हैं। आज सीएम धामी ने अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हालातों का जायजा लिया। सर्वेक्षण के दौरान सीएम धामी के साथ आपदा प्रबंधन मंत्री डा. धनसिंह रावत और डीजीपी अशोक कुमार भी थे। इसके बाद रुद्रप्रयाग में मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से जिले की स्थिति और चारधाम यात्रा की जानकारी ली। वहीं, केदारनाथ में ठंड से एक साधु की मौत होने की खबर भी सामने आ रही है। बता दें कि उत्तराखण्ड में पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। पहाड़ों पर भूस्खलन के चलते कई मार्ग बंद हैं। वहीं अबतक बारिश के चलते प्रदेश में कई लोगों की मौत हो चुकी है। मैदानी इलाकों की बात करें तो अधिकांश इलाके जलमग्न हुए पड़े हैं। जलभराव के चलते लोगों इधर-उधर नहीं जा पा रहे हैं। सड़कें भी पानी से लबालब भरी पड़ी हैं, जिससे लोग गाडियों से भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।