नई दिल्ली। करवा चौथ का व्रत आने वाला है। इस बार यह व्रत 1 नवंबर बुधवार के दिन रखा जाएगा। करवा चौथ का पर्व चंद्रमा की पूजा के बिना अधूरा माना जाता है। इस दिन भगवान गणेश और माता करवा की पूजा की जाती है। महिलाएं इस दिन अपनी पति की लंबी आयु, रक्षा, खुशहाली के लिए पूरे दिन भूखे प्यासे इस व्रत को करती हैं। ऐसी मान्यताएं हैं कि इस व्रत को करने से पति पर कोई संकट नहीं आता है।
हिंदू पंचांग के मुताबिक करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक महीने में रखा जाता है, कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को सुहागिनें करवा चौथ का व्रत रखती हैं। इस साल करवा चौथ 1 नवंबर 2023 को मनाई जाएगी। इस दिन सभी सुहागिनें सुख और अखंड सौभाग्य के लिए व्रत रखेंगी और करवा चौथ की कथा सुनेंगी और रात को चंद्रमा की पूजा कर उसे अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोलेंगी।
इस साल करवा चौथ की चतुर्दशी तिथि 31 अक्टूबर, मंगलवार को रात 9.30 पर शुरू होगी और 1 नवंबर, बुधवार को रात 9.19 पर खत्म होगी। करवा चौथ का व्रत 1 नवंबर को ही रखा जाएगा। वहीं पूजा का शुभ मुहूर्त 1 नवंबर को शाम 5 बजकर 44 मिनट से शुरू होकर रात 7 बजकर 2 मिनट तक है। इस शुभ मुहूर्त में पूजा की जा सकती है और कथा सुनी जा सकती है।