देहरादून। आगामी 20 व 21 अक्टूबर को धारचूला के चीन सीमा से सटे गूंजी में शिव महोत्सव का आयोजन होगा। इसको लेकर तैयारियों जोर-शोर से चल रही हैं। वहीं आयोजन की सफलता के लिए जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान द्वारा पर्यटन आवास गृह धारचूला में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शिव महोत्सव 2021 के आयोजन में विचार विमर्श कर किया गया। जिलाधिकारी डा. चौहान ने कहा कि शिवोत्सव को कराए जाने का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही उसे राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ान और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को आगे बढ़ाना है। शिवोत्सव के आयोजन से धार्मिक पर्यटन को एक अलग पहचान मिलेगी तथा इसके बाद राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर पर लोग इसे और अधिक बेहतर तरीके से पहचानेंगे। कहा कि निश्चित रूप से यह शिवोत्सव राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी ख्याति उत्पन्न करेगा। शिवोत्सव के सफल आयोजन में स्थानीय जनता की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने इस हेतु स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि शिवोत्सव को भव्य रूप से सम्पन्न तभी कराया जा सकता है जब स्थानीय लोगों का सहयोग मिलेगा।