नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। युवाओं पर फोकस करते हुए कांग्रेस ने नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश के लिए घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में घोषणा पत्र जारी किया।
कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम युवाओ को किस तरह रोजगार दिलाएंगे, यह सब हमने अपने घोषणा पत्र में लिखा है। इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के साथ बात की है और जो उनके विचार है वह हमने इस मेनिफेस्टो में डाले हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी युवाओं के प्रति कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी है। उत्तर प्रदेश के युवा बड़ी संख्या में लगातार रोजगार खो रहे हैं। इसके विपरीत सरकार कुछ भी नहीं कर रही है। सरकार तो कुछ उद्योगपतियों के हाथ मजबूत करने में लगी है।