कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।अपनी पहली सूची में कांग्रेस ने 125 उम्मीदवारों के टिकट फाइनल किये है,जिनमे 50 महिलाओं को टिकट दिया गया है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को उम्मीदवारों की सूची का ऐलान करते हुए बताया कि पार्टी ने इनमें 50 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका गांधी ने कहा कि अपनी पहली सूची में कांग्रेस ने कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, समाजसेवी और संघर्षशील महिलाओं को भीमौका दिया गया है। उन्नाव की रेप पीड़िता की मां को भी कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है,वहीं फर्रुखाबाद से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद, रामपुर खास सीट से कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की पुत्री अराधना मिश्रा मोना को टिकट दिया गया है। वहीं शाहजहांपुर से आशा वर्कर पूनम पांडेय को मौका दिया गया है।
इस मौके पर प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की यह सूची एक नया संदेश दे रही है कि यदि आपके साथ अत्याचार हुआ है तो आपके पास यह शक्ति है कि आप अपने हक के लिए लड़ो। आपकी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आपका साथ देगी। प्रियंका गांधी ने कहा, ”हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिए उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें। हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है। सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है।”