जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं और अपने-अपने दलों को मजबूत कर रहे हैं।लेकिन लगातार संकट झेल रही कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत खुल कर एक दूसरे पर वार कर रहे हैं तो वहीं,अब यूथ कांग्रेस में भी गुटबाजी देखने को मिल रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और यूथ कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने रामनगर में चुनाव संचालन समिति अध्यक्ष हरीश रावत से मिलकर यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर पर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का चुनाव जीतकर बने पदाधिकारियों पर प्रदेश अध्यक्ष लगातार मनमानी कर रहे हैं,ऐसे में कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है। हरीश रावत से मिलने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पर शीघ्र अति शीघ्र कार्यवाही की जानी चाहिए।
मालूम हो कि लगभग 3 वर्ष पहले हुए यूथ कांग्रेस के चुनाव में सल्ट ब्लाक प्रमुख विक्रम रावत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए थे लेकिन कुछ समय बाद उन्हें पद से हटा दिया गया और सुमित्तर भुल्लर को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है।