उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अब तृणमूल कांग्रेस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी इस बार चुनाव में नहीं उतरेगी। हालांकि, उन्होंने अखिलेश यादव को समर्थन देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने उम्मीदवार उतारेगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आठ फरवरी को उत्तर प्रदेश आएंगी। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश का चुनाव नहीं लड़ रही लेकिन आठ फरवरी को मैं अखिलेश यादव के समर्थन के लिए उत्तर प्रदेश जाऊंगी।
उन्होंने कहा कि हम कई राज्यों से चुनाव लड़ेंगे और गोवा से इसकी शुरुआत हो गई है। हमारे पास 2 साल है जिसमें हम खुद को मजबूत करेंगे ताकि हम 2024 के लोकसभा चुनाव में बंगाल की 42 में से 42 सीटें लेकर आए। ममता ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने 2024 चुनाव में भाजपा को हराने के लिए सभी क्षेत्रीय पार्टियों को संयुक्त होकर लड़ने का आह्वान किया।
इससे पहले बुधवार को ममता निर्विरोध पार्टी की मुखिया चुनी गईं। हालांकि, इससे पहले पार्टी में अंतर्कलह सामने आई थी लेकिन ममता एक बार फिर पार्टी की चीफ बनी।