पीलीभीत। अपनी लोकसभा के पीलीभीत जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान दिया है।वरुण गांधी ने कहा कि ‘देश बिक रहा है, निजीकरण के नाम पर देश के संसाधनों को बेचा जा रहा है। पूर्वजों ने कुर्बानियां देकर देश को आजाद कराया और उसे बर्बाद किया जा रहा है। हम इसे बर्बाद होते नहीं देख सकते। महंगाई आसमान छू रही है और देश का युवा बेरोजगार हो रहा है।’
इससे पहले कार्यकर्ताओ ने खमरिया पुल पर वरुण गांधी का स्वागत किया। इसके बर्फ वरुण गांधी ने अमरिया ब्लॉक के ग्राम भगा मोहम्मदगंज, उगनपुर, भिखारीपुर, बहादुरगंज, धनकुना, चहलोरा, मझोला, हरदासपुर, कटैया बिरहनी, फरीदपुर गुरद्वारा, भूड़ा कैमोर, देवरनिया, जिठनिया, भगौतीपुर, हैदराबाद आदि डेढ़ दर्जन ग्रामों का भ्रमण किया। इसी दौरान जनता को संबोधित किया।
जनता को सम्बोधित करते हुए वरुण गांधी ने कहा कि अगर एयरपोर्ट, रेल, सेल, बीएसएनएल सब बिक जाएगा तो आम इंसान के बच्चों को सरकारी नौकरी कौन देगा। लाखों नौकरियां पूंजीपतियों के हाथों में चली जाएंगी। जो इंसान 40 या 50 साल में नौकरी से हटा दिया जाएगा फिर वो कहां जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि आम इंसान के लिए रोजगार बंद हो जाएंगे। क्या बड़े उद्योगपति रोजगार देने आएंगे। किसान की बात करें तो पांच साल में गन्ने का रेट नहीं बढ़ा। उन्होंने कहा कि मैंने हल्ला काटा तब बढ़ा। धान का सरकारी रेट सिर्फ कागजों पर मिला। हकीकत में 1000-1200 रुपये क्विंटल में ही धान बिका। उन्होंने कहा कि मैंने धान मंडी में विरोध किया तब कुछ सुनवाई हुई।