Breaking News :

सीएम धामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को गांवों में सीधे संवाद के माध्यम से सरकार और आम जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए प्रेरित किया

Blog
 Image

रामनगर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रामनगर पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शहर में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सीएम धामी सबसे पहले रामनगर स्थित बालाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने छोई स्थित हनुमान धाम में भी दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामनगर की अग्रवाल सभा में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की भूमिका, जनसेवा और पार्टी की जमीनी मजबूती पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। केदारखंड और मानसखंड सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना विकास के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि हर वर्ष यहां आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सीएम धामी ने शीतकालीन यात्रा पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 19 अप्रैल तक चारधाम के कपाट खुलने तक यह यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “अब तक शीतकालीन यात्रा के दौरान करीब 1 लाख 60 हजार श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शीतकाल में भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य है कि धार्मिक पर्यटन को और अधिक मजबूत किया जाए, जिससे उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर सशक्त हो सके।मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कुंभ केवल उत्तराखंड का नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था का विषय है। इसलिए सभी को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सीएम धामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा, सुशासन और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में पूरी ताकत से जुटें। हनुमान जयंती के अवसर पर सीएम के इस दौरे को धार्मिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके संबोधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।