Breaking News :

आर्थिक विकास का नया इंजन बनेगा दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर, मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के विजन की जमकर सराहना की

Blog
 Image

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के भव्य लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए उन्हें 'नये भारत का शिल्पकार' बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से लगाव किसी से छिपा नहीं है और आज इस एक्सप्रेसवे के रूप में प्रदेश को एक ऐसी 'लाइफलाइन' मिली है, जो विकास के सारे समीकरण बदल देगी।

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में विकास की गाड़ी की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने बागडोर संभालते ही देश को प्रगति के पथ पर दौड़ा दिया। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को बैसाखी की शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि पीएम मोदी का 28वीं बार उत्तराखंड आना उनके 'देवभूमि प्रेम' का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री हमारे प्रदेश के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं। वे जब भी आते हैं, उत्तराखंड के लिए कुछ नया विजन और विकास की बड़ी सौगात लेकर आते हैं।" मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ कॉरिडोर वाले इस एक्सप्रेसवे को उत्तराखंड की प्रगति के लिए ऐतिहासिक बताया। सीएम धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कदम से कदम मिलाकर काम कर रहे हैं, जिसका परिणाम आज धरातल पर दिख रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस अपनत्व के साथ मोदी जी ने प्रदेशवासियों का अभिवादन किया, वह उनके गहरे लगाव को दर्शाता है। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनावों में भी भाजपा की सफलता का विश्वास जताया और कहा कि जनता विकास को चुन रही है।