नई दिल्ली। देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है और तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं मौसम विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि दिल्ली में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली से सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी हल्की बारिश हो सकती है। देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत में मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की भविष्यवाणी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज और बिजली के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इसी तरह की मौसम की स्थिति की संभावना जताई गई है।