Breaking News :

रुद्रपुर में गूंजे ‘हर-हर महादेव’: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया भव्य त्रिशूल का अनावरण, 100 करोड़ से अधिक योजनाओं का लोकार्पण

Blog
 Image

रुद्रपुर में शनिवार को आस्था, विकास और सियासत का अनोखा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित दौरे पर रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने त्रिशूल चौक पर ‘भव्य त्रिशूल’ का अनावरण किया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

त्रिशूल अनावरण के बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री ने स्वयं शिरकत की। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और नारों के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान भोलेनाथ के जयकारों से रुद्रपुर की फिजा श्रद्धा और उल्लास से सराबोर हो गई। कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर और पूरे जनपद का चहुंमुखी विकास उनकी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बुनियादी ढांचे, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में आयोजित यूएस नगर कार्निवल और सरस मेले का शुभारंभ किया। इस आयोजन में स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त करते हैं। गांधी पार्क में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को विकास कार्य दिखाई नहीं देते और उनका काम केवल विरोध करना रह गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ईमानदारी और पारदर्शिता से काम कर रही है और राज्य के विकास के लिए हर पल समर्पित है। विधानसभा चुनाव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि पूरा जनपद उनका अपना है और उत्तराखंड की हर सीट पर भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने ‘धामी-धामी’ के नारे लगाए। रुद्रपुर में हुए इस कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा दी, बल्कि विकास और राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने रख दिया।