govt-ads

चमोली के मौली तोक में सड़क संपर्क न होने से आफत, गर्भवती महिला ने बीच रास्ते में दिया बच्चे को जन्म

Blog
 Image

चमोली। पहाड़ के दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं के दावों की हकीकत एक बार फिर सामने आई है। चमोली जनपद में सड़क सुविधा न होने के कारण एक प्रसव पीड़िता को तीन किलोमीटर का कठिन पैदल सफर तय करना पड़ा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रसव पीड़ा अधिक होने के कारण महिला ने रास्ते में ही एक बेटी को जन्म दिया। घटना बीते रविवार की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जानकारी के अनुसार, विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गनोली के मौली तोक निवासी 24 वर्षीय गायत्री देवी को शनिवार शाम से ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। गांव तक सड़क न होने के कारण परिजनों के सामने उन्हें अस्पताल ले जाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। रविवार सुबह पीड़ा बढ़ने पर महिला के पति, ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी ने हिम्मत जुटाई और उन्हें पैदल ही मुख्य सड़क की ओर ले जाने लगे। तीन किलोमीटर की दुर्गम चढ़ाई-उतराई पार करते समय बीच रास्ते में ही गायत्री देवी की तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने वहीं बेटी को जन्म दे दिया। मौके पर मौजूद आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और अन्य महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा और नवजात को मुख्य सड़क तक लाकर अस्पताल पहुंचाया गया। गौरतलब है कि गैन-कांगुला-सैंजकट्टा मोटर मार्ग के शेष तीन किलोमीटर हिस्से को आज तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में बीमारों और गर्भवती महिलाओं को आज भी जान जोखिम में डालकर पैदल सफर करना पड़ रहा है।