स्वास्थ्यः भारत में 106 करोड़ के पार पहुंचा कोविड-19 टीकाकरण कवरेज, पिछले 24 घंटों में सामने आए 12,514 नये मामले

Spread the love

नई दिल्ली। पिछले 24 घंटों के दौरान टीके की 12,77,542 खुराक देने के साथ ही भारत का टीकाकरण कवरेज 106.31 करोड़ से अधिकहो गया है जो आज सुबह 7 बजे तक का अनुमानित आंकड़ा है। यह टीकाकरण 1,06,32,634 सत्रों के जरिये किया गया है। पिछले 24 घंटों में 12,718 मरीजों के ठीक होने से स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है (महामारी के शुरू होने से लेकर अब तक), जो इस समय 3,36,68,560 है। परिणामस्वरूप भारत में कोविड से स्वस्थ होने की वर्तमान दर इस समय 98.20 प्रतिशत है। पिछले लगातार 127 दिनों से लगातार 50 हजार से कम दैनिक मामले आ रहे हैं। यह केंद्र और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के संयुक्त एवं सतत प्रयासों का ही परिणाम है। पिछले 24 घंटों में कुल 12,514 नये मामले सामने आये। सक्रिय मामलों की संख्या फिलहाल 1,58,817 है, जो पिछले 248 दिनों में सबसे कम है। सक्रिय मामले देश के कुल पॉजिटिव मामलों का इस समय 0.46 प्रतिशत हैं। जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। देश में कोविड जांच क्षमता को लगातार बढ़ाया जा रहा है, इसके तहत पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 8,81,379 जांच की गईं। भारत ने अब तक 60.92 करोड़ से अधिक (60,92,01,294) नमूनों की कोविड जांच की है। एक तरफ देशभर में जांच क्षमता बढ़ाई गई, तो दूसरी तरफ साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर इस समय 1.17 प्रतिशत है, जो पिछले 38 दिनों में 2 प्रतिशत से नीचे कायम है। दैनिक पॉजिटिविटी दर 1.42 प्रतिशत है। वह भी पिछले 28 दिनों से 2 प्रतिशत से नीचे और 63 दिनों से लगातार 3 प्रतिशत से कम पर बनी हुई है।


Spread the love