मौसम अपडेटः समय से दो दिन पहले ही मानसून ने दी दस्तक! केरल में बारिश का दौर शुरू, देश के अन्य हिस्सों में भी जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज

Spread the love

नई दिल्ली। देश में मौसम ने करवट बदल ली है और बहुत जल्द बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग की मानें तो समय से दो दिन पहले ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘आसनी’ के प्रभाव से इस बार मानसून समय से पहले ही केरल पहुंचेगा। मानसून वक्त से काफी पहले 16 मई को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पहुंच गया था और च्रकवात के शेष प्रभाव के चलते इसके आगे बढ़ने के आसार थे। मौसम विभाग ने 29 मई से 01 जून के दौरान केरल में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं लक्षद्वीप में 30 मई को भारी बारिश हो सकती है। इसी के साथ देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। केरल में दस्तक देने के बाद मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। महीने के आखिर में 27 जून तक दिल्ली में मानसून पहुंच सकता है। तब जाकर गर्मी से राहत मिल सकती है। यानी अभी महीनेभर दिल्ली वालों को अच्छी बरसात का इंतजार करना होगा।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज आंशिक रूप से बादल छाये हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यमुनानगर, सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, मुजफ्फरनगर, कांधला, खतौली, सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला (यूपी) के आसपास के क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटा की गति के साथ हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। बिहार की बात करें तो राजधानी पटना समेत आठ जिलों में बारिश हो रही है।


Spread the love