Breaking News :

पराग फार्म में बनेगी उत्तराखंड की एविएशन एकेडमी, तैयार होंगे प्रशिक्षित पायलट और विमानन विशेषज्ञ

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में जल्द ही हवाई कनेक्टिविटी का एक नया और मजबूत दौर शुरू होने जा रहा है। अब राज्य का अपना पायलट ट्रेनिंग स्कूल होगा, जिससे युवाओं को प्रदेश में ही विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का मौका मिलेगा। बुधवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में राज्य की अपनी एविएशन एकेडमी स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तुरंत शुरू की जाएं। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए हवाई सेवाएं यहाँ के लिए 'लाइफलाइन' हैं। उन्होंने अधिकारियों को पूरे प्रदेश को हेलिपोर्ट्स और हेलीपैड्स से पूरी तरह संतृप्त (सैचुरेट) करने के निर्देश दिए। योजना के तहत राजधानी देहरादून को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों से सीधे हवाई सेवा के जरिए जोड़ा जाएगा। पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पौड़ी जनपद और प्रमुख हिल स्टेशन लैंसडाउन को भी नियमित हवाई सेवा से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसके अलावा, भारत सरकार की 'उड़ान-2' योजना के तहत सभी जिलों के लिए नए हवाई रूट्स का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

हवाई सफर को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में जल्द ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्थापित किया जाएगा। इसके तहत सिविल कंस्ट्रक्शन का काम राज्य सरकार करेगी, जबकि तकनीकी सहायता और मैनपावर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा मुहैया कराई जाएगी। मुख्य सचिव ने 'युकाडा' को पूरे प्रदेश में एटीसी नेटवर्क को मजबूत करने का लक्ष्य दिया है। साथ ही, मौसम की सटीक जानकारी के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन और पीटीजेड कैमरे भी लगाए जाएंगे। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक बेहद मजबूत कनेक्टिविटी प्लान तैयार किया जा रहा है। वहीं, चीन सीमा से सटे गुंजी और आदि कैलाश क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए वहां नई एयर स्ट्रिप या हेलीपोर्ट स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। इस महायोजना से न सिर्फ उत्तराखंड में पर्यटन और रोजगार को नए पंख लगेंगे, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को त्वरित मदद मिल सकेगी।