Breaking News :

शोले स्टाइल ड्रामा: प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी, लखीमपुर खीरी में घंटों थमी रही सांसें

Blog
 Image

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 'शोले' फिल्म के वीरू जैसा एक सनसनीखेज वाकया सामने आया है। प्रेमी से शादी कराने की जिद को लेकर एक नाबालिग किशोरी उंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। परिजनों द्वारा शादी से इनकार करने पर गुस्से में उठाया गया किशोरी का यह कदम पूरे इलाके में हड़कंप का सबब बन गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी करने की जिद में एक नाबालिग किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। मामला तिकुनिया थाना क्षेत्र का है। बताया गया कि नाबालिग किशोरी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। उसने परिजनों के सामने अपनी इच्छा रखी, लेकिन परिवार की ओर से सहमति नहीं मिली। इससे नाराज होकर किशोरी बुधवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। टावर पर पहुंचने के बाद किशोरी लगातार नीचे मौजूद लोगों और पुलिस से प्रेमी से शादी कराने की मांग करती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बातचीत के जरिए उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश शुरू की। घटना की सूचना मिलने के बाद तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए किशोरी से संवाद स्थापित किया। प्रभारी निरीक्षक ने फोन के माध्यम से उससे लगातार बातचीत की और उसे समझाया कि पहले वह सुरक्षित नीचे उतर आए। पुलिस की ओर से काफी देर तक समझाने और सुरक्षित नीचे आने का भरोसा दिलाने के बाद किशोरी टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ी हुई थी। पुलिस ने उससे बातचीत कर उसे समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, किशोरी को काउंसिलिंग सेंटर भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस किशोरी की सुरक्षा और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है। घटना के दौरान मोबाइल टावर के आसपास काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस की समझाइश के बाद किशोरी के सुरक्षित नीचे आने से बड़ा हादसा टल गया। मामले ने परिवार और आसपास के लोगों को भी चिंतित कर दिया।