उत्तराखंड: 2.13 लाख आयुष्मान कार्ड और 4.3 लाख की आभा आईडी बनीं! प्रदेश में दिसंबर तक चलेगा अभियान

Spread the love

उत्तराखंड में चल रहे आयुष्मान भव अभियान से आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने में सकारात्मक नतीजे मिल रहे हैं। 17 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 2.13 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड और 4.3 लाख की आभा आईडी बनाई गई। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा।

प्रदेश सरकार ने मार्च 2024 तक शत प्रतिशत लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी व पांच वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। केंद्र सरकार के दिशानिर्देश पर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 62 लाख 69 हजार 338 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) बनाए जा चुके हैं। जिनमें से 4 लाख 3 हजार 105 आभा आईडी अभियान के तहत बनाई गई हैं। इसमें देहरादून जिले में सबसे अधिक 13.19 लाख लोगों की आभा आईडी बनाई गई। राज्य में 54.38 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसमें से 2.13 लाख आयुष्मान कार्ड अभियान के तहत बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान की लगातार की निगरानी की जा रही है।


Spread the love