बड़ी खबरः बैन के बावजूद सक्रिय दिख रहा पीएफआई! महाराष्ट्र के बाद अब असम से तीन सदस्य गिरफ्तार, इलाके में मचा हड़कंप

Spread the love

नई दिल्ली। प्रतिबंध के बावजूद पीएफआई संगठन सक्रिय दिख रहा है, महाराष्ट्र के बाद अब पुलिस ने असम से पीएफआई के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। असम पुलिस ने गुप्त जानकारी के आधार पर असम के कामरूप जिले के नगरबेरा इलाके में छापेमारी की जिसके दौरान उन्होंने प्रतिबंधित पीएफआई संगठन के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया। एसपी हितेश चरे ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि इस दौरान असम पुलिस ने पीएफआई से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। वहीं इसके पहले गुरुवार (20 अक्टूबर) को महाराष्ट्र में एटीएस ने पनवेल से पीएफआई के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र ATS को इस बात की खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के पनवेल सचिव और दो अन्य सदस्यों के साथ उनकी बैठक होने वाली है। इस जानकारी के बाद महाराष्ट्र एटीएस ने मौके पर पहुंचकर इन चारो को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि पिछले महीने केंद्र सरकार ने पीएफआई को आतंकी गतिविधियों में संलिप्त रहने और टेरर फंडिंग में संलिप्त पाए जाने के आरोप में पांच साल के लिए बैन कर दिया था। महाराष्ट्र पुलिस ने इससे पहले भी कई जिलों में छापेमारी कर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तारियों के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि पीएफआई पर कार्रवाई उनकी गतिविधियों के मामले में जांच पर आधारित कानूनों और सबूतों के अनुरूप है।


Spread the love